ऐड्स मैनेजर प्लगइन उन ऐड्स मैनेजर खातों से जुड़ता है जिन तक आपकी पहुँच है. आम बोलचाल की भाषा में निर्देश देकर खाते की संरचना जानें, विज्ञापनों के मसौदे तैयार करें और उनके पूर्वावलोकन देखें, पुष्टि के बाद बदलाव करें, प्रदर्शन समझें, विज्ञापन दिखने से जुड़ी समस्याओं की जाँच करें और प्राथमिकता के क्रम में सुझाव पाएँ.
आप क्या कर सकते हैं
वेबसाइट या संक्षिप्त विवरण से विज्ञापन बनाएँ
कोई सार्वजनिक वेबसाइट या उत्पाद पृष्ठ साझा करें या बताएँ कि आप किसका प्रचार करना चाहते हैं. प्लगइन ये काम कर सकता है:
आपकी वेबसाइट या संक्षिप्त विवरण के आधार पर विज्ञापन के शीर्षक और विवरण का मसौदा तैयार करना
आपकी वेबसाइट पर उपयुक्त तस्वीर खोजना, आपकी दी हुई तस्वीर इस्तेमाल करना, पात्र विज्ञापन सामग्री का दोबारा उपयोग करना या आपके विकल्प चुनने पर नई तस्वीर बनाना
एक विज्ञापन या मानक विज्ञापनों के एक-दूसरे से मेल खाते संस्करणों का समूह बनाना, जिनमें एक ही स्वीकृत तस्वीर, उसकी एक जैसी काट-छाँट और एक ही गंतव्य का उपयोग हो
कुछ भी अपलोड या सहेजने से पहले आपको पूर्वावलोकन दिखाना
विज्ञापन को मौजूदा अभियान और विज्ञापन समूह में जोड़ना या अभियान की संरचना के ज़रूरी हिस्से बनाना जो अभी मौजूद नहीं हैं
स्वीकृत विज्ञापन सामग्री अपलोड करना और आपकी पुष्टि की हुई स्थिति के साथ विज्ञापन बनाना
कुछ भी बनाने से पहले प्लगइन आपकी मंज़ूरी के लिए लैंडिंग पृष्ठ, तस्वीर, विज्ञापन का पाठ, अभियान की सेटिंग, बजट, लक्षित दर्शक और अन्य प्रासंगिक विवरण दिखाता है.
विज्ञापन सामग्री के बारे में मार्गदर्शन के लिए ChatGPT ऐड्स के लिए विज्ञापन बनाएँ देखें.
मौजूदा उत्पाद फ़ीड से विज्ञापन बनाएँ
अगर आपके खाते में पात्र उत्पाद फ़ीड है, तो प्लगइन उत्पाद फ़ीड पर आधारित अभियान, विज्ञापन समूह और विज्ञापन टेम्प्लेट बना सकता है. उत्पाद की तस्वीरें फ़ीड से ली जाती हैं. उत्पाद फ़ीड पर आधारित हर विज्ञापन समूह में ऐसा एक विज्ञापन टेम्प्लेट रखा जा सकता है जिसे संग्रहित न किया गया हो.
उत्पाद फ़ीड से अभियान बनाएँ देखें.
अभियान, विज्ञापन समूह और विज्ञापन प्रबंधित करें
आप प्लगइन से किसी खाते, अभियान, विज्ञापन समूह या विज्ञापन को नाम से खोजने के लिए कह सकते हैं. यह ये काम कर सकता है:
मौजूदा सेटिंग और स्थितियों की समीक्षा करना
सीधे अभियान या विज्ञापन समूह बनाना
मौजूदा विज्ञापन का पूर्वावलोकन दिखाना
अभियान, विज्ञापन समूह और विज्ञापन की उन सेटिंग को अपडेट करना जिनके लिए यह सुविधा उपलब्ध है
जिन संसाधनों के लिए सुविधा उपलब्ध हो, उन्हें रोकना, सक्रिय करना या संग्रहित करना
विज्ञापन की मौजूदा तस्वीर बदलना
हर बदलाव किसी एक विशिष्ट संसाधन तक सीमित रहता है. मंज़ूरी माँगने से पहले प्लगइन खाता, मौजूदा स्थिति, प्रस्तावित स्थिति और बदले जाने वाले सटीक मान दिखाता है. अपडेट सफल होने के बाद यह नतीजे की पुष्टि करने के लिए संसाधन की जानकारी दोबारा पढ़ता है.
ChatGPT ऐड्स के लिए अभियान बनाएँ और अभियान संपादित करें देखें.
प्रदर्शन और कन्वर्ज़न का विश्लेषण करें
प्लगइन पूरे खाते या किसी अभियान, विज्ञापन समूह या विज्ञापन के नतीजों का विश्लेषण कर सकता है. आप इसकी मदद से ये काम कर सकते हैं:
अभियानों, विज्ञापन समूहों या विज्ञापनों की तुलना करें और उन्हें क्रम दें
विज्ञापन दिखने की संख्या, क्लिक, खर्च, क्लिक दर, प्रति क्लिक औसत लागत और प्रति हज़ार प्रदर्शन की औसत लागत की समीक्षा करें
कन्वर्ज़न मापन सेट होने पर विज्ञापनों से जुड़े कन्वर्ज़न का विश्लेषण करें
चुनी गई अवधि के रुझानों की जाँच करें
जहाँ सुविधा उपलब्ध हो, नतीजों को समय, डिवाइस, देश या अधीनस्थ संसाधन के आधार पर अलग-अलग देखें
कन्वर्ज़न के स्रोतों और सेटिंग की समीक्षा करें या समस्याओं का पता लगाने के लिए हाल की कन्वर्ज़न घटनाओं के मूल डेटा की जाँच करें
अगर आप तारीखों की सीमा नहीं बताते, तो प्लगइन खाते के स्थानीय समय क्षेत्र के अनुसार पिछले सात पूरे दिनों की अवधि अपने-आप चुनता है. नतीजे ऐड्स मैनेजर में फ़िलहाल उपलब्ध डेटा पर आधारित होते हैं. इनमें रिपोर्टिंग और कन्वर्ज़न को विज्ञापनों से जोड़ने में होने वाली सामान्य देरी भी शामिल होती है.
नतीजे मापें और कन्वर्ज़न मापन देखें.
एक बार या नियमित रूप से सुझाव पाएँ
प्लगइन से अपने सक्रिय अभियानों की एक बार समीक्षा करने को कहें या समय के साथ प्रदर्शन पर नज़र रखने के लिए दैनिक या साप्ताहिक समीक्षाएँ तय करें. यह तैयारी, विज्ञापन दिखने की स्थिति और मापन की जाँच करता है. फिर बजट, बोली, लक्षित दर्शकों, विज्ञापन के पाठ और सामग्री में सुधार के अवसरों को प्राथमिकता देता है. समीक्षाओं में सहायक साक्ष्य और स्पष्ट अगले कदम शामिल होते हैं, लेकिन वे आपके खाते में कभी बदलाव नहीं करतीं. आप नियमित समीक्षा का समय तय करने की पुष्टि से पहले उसका पूर्वावलोकन देख सकते हैं.
विज्ञापन दिखने से जुड़ी समस्याओं का निवारण करें
अगर किसी अभियान के विज्ञापन नहीं दिख रहे हैं या उनका प्रसार नहीं बढ़ रहा है, तो प्लगइन खाते से लेकर अभियान, विज्ञापन समूह, विज्ञापन और मापन तक हर चरण की जाँच कर सकता है. यह अपनी क्षमताओं के दायरे में आने वाली सबसे पहली बाधा पहचानता है, खाते में मिले साक्ष्यों को उनकी व्याख्या से अलग रखता है और स्थिति सुधारने के लिए प्राथमिकता के क्रम में योजना देता है. इस जाँच में सिर्फ़ जानकारी पढ़ी जाती है, कोई बदलाव नहीं किया जाता.
आम समस्याओं का निवारण देखें.
व्यावसायिक विज्ञापन खाता बनाएँ और उसका प्रबंधन करें
जहाँ खुद खाता बनाने की सुविधा उपलब्ध है, वहाँ प्लगइन किसी व्यावसायिक विज्ञापनदाता को उसके अपने व्यवसाय के लिए एक विज्ञापन खाता बनाने में मार्गदर्शन दे सकता है. यह इन कामों में आपकी मदद कर सकता है:
व्यवसाय, वेबसाइट, खाते, उद्योग, देश, मुद्रा और समय क्षेत्र का विवरण दर्ज करना
लोगो जोड़ना, तस्वीर के सटीक लिंक का उपयोग करना, आपके विकल्प चुनने पर लोगो बनाना या लोगो जोड़ने का काम बाद के लिए छोड़ना
उस व्यवसाय को चुनना जिसके स्वामित्व में खाता होना चाहिए
अंतिम विवरण की समीक्षा करना और लागू शर्तों को स्पष्ट रूप से स्वीकार करना
मौजूदा खाते के लिए प्लगइन उपयोगकर्ताओं और लंबित आमंत्रणों की सूची भी दिखा सकता है, उपयोगकर्ताओं को आमंत्रित कर सकता है, भूमिकाएँ बदल सकता है, सक्रिय उपयोगकर्ताओं को हटा सकता है और खाते का लोगो बदल सकता है. नया लोगो ब्रांड समीक्षा के लिए भेजा जाता है. उसे मंज़ूरी मिलने तक सार्वजनिक रूप से दिखने वाला मौजूदा लोगो सक्रिय रहता है.
पहचान सत्यापन, बिलिंग, भुगतान, कर और खाते को तैयार करने के अन्य चरण ऐड्स मैनेजर में ही पूरे करने होंगे. ऐड्स मैनेजर खाते का सेटअप देखें.
पुष्टि की प्रक्रिया कैसे काम करती है
प्लगइन जानकारी की समीक्षा करने और बदलाव करने के बीच अंतर रखता है:
खाते का डेटा पढ़ने, प्रदर्शन का विश्लेषण करने, समस्याओं की जाँच करने और सुझावों की समीक्षा करने से आपके खाते में कोई बदलाव नहीं होता.
विज्ञापन का मसौदा तैयार करने या उसका पूर्वावलोकन देखने से वह अपलोड या प्रकाशित नहीं होता.
विज्ञापन सामग्री अपलोड करने या खाता, अभियान, विज्ञापन समूह, विज्ञापन, लोगो या उपयोगकर्ता की पहुँच बनाने या अपडेट करने से पहले उस विशिष्ट कार्रवाई की पुष्टि ज़रूरी है.
खाता बनाने के लिए विज्ञापन की शर्तों और प्राइवेसी पॉलिसी को स्पष्ट रूप से स्वीकार करना भी ज़रूरी है.
अगर मंज़ूरी मिलने के बाद प्रस्तावित विवरण में कोई बदलाव होता है, तो प्लगइन अपडेट किया गया प्रस्ताव दिखाता है और आगे बढ़ने से पहले फिर से आपकी पुष्टि माँगता है.
अनुरोधों के उदाहरण
“इस उत्पाद पृष्ठ से विज्ञापन के छह संस्करण बनाओ.”
“मेरी सक्रिय फ़ीड का उपयोग करके उत्पाद फ़ीड पर आधारित अभियान बनाओ.”
“पिछले सात पूरे दिनों के लिए मेरे अभियानों की तुलना करो.”
“मेरे वसंत लॉन्च अभियान के विज्ञापन क्यों नहीं दिख रहे हैं?”
“मुख्य विपणन अधिकारी के नज़रिए से मेरे सक्रिय अभियानों की समीक्षा करो.”
“सिर्फ़ सुझाव देने वाली साप्ताहिक समीक्षा तय करो.”
“मेरा ब्रांड जागरूकता अभियान रोक दो.”
“मेरे सहकर्मी को इस विज्ञापन खाते में सदस्य के तौर पर आमंत्रित करो.”
“मेरे व्यवसाय के लिए विज्ञापन खाता बनाने में मेरी मदद करो.”
खाते या अभियान का नाम और तारीखों की सीमा बताने से आम तौर पर ज़्यादा सटीक नतीजा मिलता है. आपको संसाधनों के आंतरिक पहचानकर्ता देने की ज़रूरत नहीं है.
मौजूदा सीमाएँ
प्लगइन सिर्फ़ उन्हीं खातों और संसाधनों तक पहुँच सकता है जो आपके जुड़े हुए ऐड्स मैनेजर उपयोगकर्ता को उपलब्ध हैं. उपलब्ध कार्रवाइयाँ आपकी भूमिका और खाते के लिए चालू सुविधाओं पर निर्भर करती हैं.
एक साथ कई विज्ञापन बनाने के अनुरोध में सिर्फ़ मानक विज्ञापन बनाए जा सकते हैं. हर अनुरोध में अधिकतम 50 नए विज्ञापन बन सकते हैं. सभी संस्करणों में एक ही स्वीकृत तस्वीर, उसकी एक जैसी काट-छाँट और एक ही गंतव्य का उपयोग होता है.
उत्पाद फ़ीड पर आधारित विज्ञापन समूह में ऐसा एक विज्ञापन टेम्प्लेट रखा जा सकता है जिसे संग्रहित न किया गया हो. व्यावसायिक एजेंट के विज्ञापन बनाने की सुविधा उपलब्ध नहीं है.
बिलिंग, भुगतान विधियों, कर विवरण, कानूनी पहचान की जानकारी और अपीलों से जुड़े काम सीधे ऐड्स मैनेजर में पूरे करने होंगे.
नियमित समीक्षाएँ सिर्फ़ सुझाव देती हैं. वे अभियान में अपने-आप बदलाव नहीं करतीं.
हाल की कन्वर्ज़न घटनाओं के मूल डेटा की जाँच पिछले 15 मिनट की सबसे नई 50 घटनाओं तक सीमित है. यह पुराने डेटा की रिपोर्टिंग नहीं है. प्लगइन को कन्वर्ज़न का मूल्य नहीं मिलता, इसलिए यह राजस्व या विज्ञापन खर्च पर प्रतिफल की रिपोर्ट नहीं देता.
प्लगइन सत्यापन, नीति समीक्षा, खाते की पात्रता या विज्ञापन दिखाने से जुड़े फ़ैसलों को बदल नहीं सकता.
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
क्या विज्ञापन का मसौदा तैयार करने के लिए मुझे ऐड्स मैनेजर खाते की ज़रूरत है?
नहीं. आप खाता चुनने से पहले विज्ञापन सामग्री का मसौदा तैयार करके उसका पूर्वावलोकन देख सकते हैं. विज्ञापन सामग्री अपलोड करने या विज्ञापन सहेजने के लिए एक पात्र ऐड्स मैनेजर खाता चाहिए, जिसमें आपको बदलाव करने की अनुमति हो.
क्या प्लगइन एक साथ कई विज्ञापन बना सकता है?
हाँ. यह मानक विज्ञापनों के एक-दूसरे से मेल खाते संस्करणों का समूह बना सकता है, जिनमें एक ही स्वीकृत तस्वीर, उसकी एक जैसी काट-छाँट और एक ही गंतव्य का उपयोग हो. हर अनुरोध में अधिकतम 50 नए विज्ञापन बनाए जा सकते हैं. उत्पाद फ़ीड पर आधारित हर विज्ञापन समूह में ऐसा एक विज्ञापन टेम्प्लेट रखा जा सकता है जिसे संग्रहित न किया गया हो.
क्या प्लगइन मुझसे पूछे बिना कोई बदलाव करेगा?
नहीं. यह विज्ञापन सामग्री अपलोड करने या ऐड्स मैनेजर के संसाधन बनाने या अपडेट करने से पहले पूरा प्रस्ताव दिखाता है और आपकी पुष्टि माँगता है.
क्या नियमित समीक्षाएँ मेरे अभियानों को अपने-आप बेहतर बना सकती हैं?
नहीं. एक बार की जाने वाली और तय समय पर होने वाली समीक्षाओं में सिर्फ़ जानकारी पढ़ी जाती है, कोई बदलाव नहीं होता. वे सुझाव देती हैं. उनके आधार पर प्लगइन जो बदलाव कर सकता है, उसे आपकी मंज़ूरी के लिए अलग से पेश किया जाता है.
क्या प्लगइन गारंटी दे सकता है कि किसी अभियान के विज्ञापन दिखाए जाएँगे?
नहीं. यह अपनी क्षमताओं के दायरे में आने वाली बाधाओं की पहचान कर सकता है, प्रदर्शन का विश्लेषण कर सकता है और अगले कदम सुझा सकता है. लेकिन विज्ञापन दिखना अब भी खाते की तैयारी, समीक्षा, लक्षित दर्शकों, बजट, उपलब्ध अवसरों और ऐड्स मैनेजर के अन्य कारकों पर निर्भर करता है.
क्या प्लगइन मेरे लिए बिलिंग या पहचान सत्यापन संभाल सकता है?
नहीं. यह सेटअप की स्थिति को सीमित दायरे में जाँच सकता है और आपको उचित अगला कदम बता सकता है. लेकिन बिलिंग, भुगतान, कर और कानूनी पहचान से जुड़ी प्रक्रियाएँ ऐड्स मैनेजर में ही पूरी करनी होंगी.
